रतलाम के थाना औद्योगिक क्षेत्र में कक्षा 11वीं की छात्रा के साथ ब्लिंकइट कंपनी के डिलिवरी बॉय द्वारा छेड़खानी कर हाथ पकड़ने का मामला सामने आया है। नाबालिग ने शोर किया तो वह बाइक से भाग गया। हिंदू जागरण मंच को घटना की जानकारी लगी तो थाने पहुंचकर नाबालिग की तरफ से आरोपी के खिलाफ छेड़खानी समेत पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज करवाया। घटना बुधवार दोपहर की है। 17 वर्षीय नाबालिग ने रिपोर्ट में बताया कि पिताजी का निधन हो गया है। घर में मां व भाई के साथ रहती है। घर की किराने की दुकान पर वह अकेली थी। भाई घर के सामने थोडी दूर पर खड़ा था। बुधवार दोपहर 12.30 बजे ब्लिंकइट कंपनी में डिलिवरी बॉय एक लड़का दुकान पर आया। सिगरेट खरीदकर पी। रुपए देने के बहाने दाहिना हाथ पकड़ कर रुपए के साथ एक कागज का टुकड़ा दिया। कहा कि इसमें मेरा नंबर है। मेरा नाम अदनान खान है। जब कागज का टुकड़ा खोला तो उसका नाम और मोबाइल नंबर लिखे थे। मैने जोर से चिल्लाकर भाई को आवाज लगाई। आरोपी ने कागज का टुकड़ा छिनने का प्रयास किया। इस दौरान कागज का टुकड़ा फट गया। आरोपी भाग गया। जाते-जाते बोल गया कि अगर किसी को बताया तो जान से खत्म कर दूंगा। मां के बाजार से आने के बाद घटनाक्रम बताया। हिंदू जागरण मंच पदाधिकारी पहुंचे घटना की जानकारी मिलने पर हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी रात में थाने पहुंचे। नाबालिग के परिजनों के साथ आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। मंच के प्रांत आयाम सदस्य राजेश कटारिया, जिला सहसंयोजक विजय राय यादव, जिला कार्यकारिणी सदस्य सिद्धार्थ पंड्या, नगर संयोजक नंदकिशोर मीणा, खंड संयोजक यतीन्द्र उपाध्याय, अक्षय वर्मा, क्रिश राठौर, रंजीत रघुवंशी आदि मौजूद रहे। एवं समस्त जागरण के कार्यकर्ता थाने पर उपस्थित रहे।


