लुधियाना| भगवान तिरुपति बाला जी की चौथी रथयात्रा 14 दिसंबर को श्री दुर्गा माता मंदिर जगराओं पुल से निकलेगी। रथयात्रा दक्षिण भारत के तिरुमला की परंपरा अनुसार निकाली जाती है और इससे शहरवासियों को भगवान तिरुपति बाला जी के सीधे दर्शन का दुर्लभ अवसर मिलता है। भक्त सेवा-अधिकार लेकर तैयारी में जुट गए हैं। श्री तिरुपति बाला सेवा ट्रस्ट की ओर से लुधियाना क्लब के केवल छाबड़ा और उनके साथियों को विधिवत निमंत्रण दिया गया। निमंत्रण स्वीकारते हुए केवल छाबड़ा ने कहा कि क्लब के सदस्य अपने परिवारों सहित रथयात्रा में शामिल होंगे। वे मंगल आरती करेंगे और क्लब की ओर से भोग भी अर्पित किया जाएगा। ट्रस्ट का यह प्रयास सराहनीय है क्योंकि हर वर्ष हजारों श्रद्धालुओं को भगवान के दर्शन मिलते हैं। रथयात्रा निमंत्रण के क्रम में अल्पसंख्यक आयोग पंजाब सरकार के सदस्य राजेश जैन बौवी, समाजसेवी रजत मल्होत्रा, अमित सोनी, गौरव अरोड़ा सहित कई गणमान्यों को भी आमंत्रित किया गया। निमंत्रण स्वीकारते हुए राजेश जैन बौवी ने कहा कि ऐसे आयोजन शहर में आपसी सद्भाव और धार्मिक सौहार्द को मजबूत करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी टीम यात्रा मार्ग में विशेष प्रसाद वितरण करेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे परिवार समेत रथयात्रा में शामिल होकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। ट्रस्ट ने बताया कि इस वर्ष भी यात्रा मार्ग पर भजन, सेवा और दर्शन के विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।


