रन फॉर विकसित राजस्थान के साथ शुरू हुए कार्यक्रम:सरकार के एक साल पूरे होने पर किसान सम्मेलन सहित होंगे कई कार्यक्रम

राजस्थान सरकार के कार्यकाल का एक साल पूरा होने पर गुरुवार सुबह जिला मुख्यालय पर रन फॉर विकसित राजस्थान का आयोजन हुआ। विधायक राजेंद्र गुर्जर और एडीएम रामरतन सौंकरिया ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। विवेकानंद सर्किल पर मैराथन दौड़ के लिए बैंड बाजे के साथ तैयारियां की गई। स्कूली बच्चे, एनसीसी, स्काउट, रेंजर गाइड, पुलिस, आरएसी, होमगार्ड के जवानों समेत सरकारी अधिकारी और कर्मचारी दौड़ के लिए शामिल हुए। विवेकानंद सर्किल से डिपो चौराहा,नेहरू पार्क और फिर कोठी नातमाम स्कूल पर दौड़ का समापन हुआ। कलेक्टर डॉक्टर सौम्या झा ने बताया कि रन फॉर विकसित राजस्थान के बाद सुबह 11 बजे युवा एवं रोजगार उत्सव का आयोजन कृषि ऑडिटोरियम में हुआ। इसमें नव चयनित कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। साथ ही शिक्षा विभाग के छात्र-छात्राओं को टैबलेट एवं साइकिल का वितरण किया गया। वहीं उच्च शिक्षा विभाग की ओर से स्कूटी वितरण किया गया। कल होगा किसान सम्मेलन कलेक्टर डॉक्टर सौम्या झा ने बताया कि कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत 13 दिसंबर सुबह 11 बजे कृषि ऑडिटोरियम में ही किसान सम्मेलन का आयोजन होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि की द्वितीय किस्त जारी करने, किसानों को फव्वारा संयंत्रों की स्थापना के लिए अनुदान राशि का हस्तांतरण, फार्म पौंड, पाइप लाइन, तारबंदी, वर्मी कम्पोस्ट, किसानों को कृषि यंत्रों एवं जैविक खाद के लिए अनुदान, सौर ऊर्जा पंपों की स्वीकृतियां, गोदाम निर्माण, गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना, पशुपालकों के लिए 5 रुपए प्रति लीटर अनुदान डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरण, डेयरी बूथ का आवंटन आदि कार्य किए जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *