रवनीत बिट्‌टू को साढ़े ₹17 लाख का नोटिस थमाया:BJP केंद्रीय राज्य मंत्री ने कोठी का किराया नहीं भरा; अब यहां कांग्रेस ऑफिस चल रहा

केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू को 17.62 लाख रुपए का रिकवरी नोटिस जारी हुआ है। नोटिस भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (BBMB) ने जारी किया। आरोप है कि नंगल टाउनशिप कॉलोनी में बिट्टू के नाम अलॉट हुए बीबीएमबी के दो मकानों को अभी तक उन्होंने बिना वैध अनुमति के कब्जे में रखा हुआ है। बिट्टू को ये मकान उनके कांग्रेस पार्टी से सांसद (आनंदपुर साहिब, 2009-14) रहते वक्त अलॉट हुए थे। खास बात यह है कि इनमें से एक मकान (48-I) आज भी कांग्रेस कार्यालय के रूप में इस्तेमाल हो रहा है। मंत्री बिट्टू को कई बार नोटिस दिए जाने के बावजूद उन्होंने उसका जवाब नहीं दिया। जिसके बाद बीबीएमबी ने उनपर रेंट लगाना शुरू किया। अब बोर्ड ने उसी का रिकवरी नोटिस जारी किया है। सिलसिलेवार रूप में जानें क्या है पूरा मामला… बिट्टू बीजेपी में, लेकिन कांग्रेस ऑफिस अब भी उनके नाम पर सितंबर में मामला तब तूल पकड़ गया, जब खुलासा हुआ कि नंगल का कांग्रेस कार्यालय अब भी बिट्टू के नाम पर रजिस्टर्ड है। जबकि वे कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में जा चुके हैं और अब केंद्र सरकार में मंत्री भी हैं। कांग्रेस के क्षेत्रीय नेताओं ने इस मुद्दे पर असहजता जताई, जबकि विरोधियों ने इसे बड़ा राजनीतिक हथियार बना लिया है। ‘मीटर मेरे नाम पर है, बिल भी समय पर भरते हैं’- राणा पूर्व पंजाब विधानसभा स्पीकर केपी राणा की टीम अब इस ऑफिस को मैनेज करती है। उन्होंने कहा कि “अलॉटमेंट भले बिट्टू के नाम पर हो, पर बिजली मीटर मेरे नाम पर है और बिल नियमित भरे जाते हैं।” कांग्रेस का यह दफ्तर वर्षों से क्षेत्रीय गतिविधियों का केंद्र रहा है। रणनीति बैठकें, जनसंपर्क कार्यक्रम और संगठनात्मक कामकाज यहीं से होते रहे हैं। चुनावी मौसम में बढ़ी सिरदर्दी जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के करीब आते ही यह मुद्दा राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा रहा है। बीबीएमबी द्वारा भेजे गए रिकवरी नोटिस से मामला और गर्मा गया है, जिससे कांग्रेस के लिए नई मुश्किलें पैदा हो रही हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *