​​​​​​​रविवार देर शाम जिरौली गांव के पास की घटना:पैदल जा रही महिला को हाइवा ट्रक ने रौंदा, लोगों ने जाम किया स्टेट हाइवे

रुदावल-बयाना स्टेट हाइवे स्थित गांव जरीला में एक हाइवा ने पैदल जा रही महिला को कुचल दिया। जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। जिससे स्टेट हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। घटना शाम साढ़े छह बजे की है। सूचना पर रुदावल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के समझाने के बाद रात 10 बजे ग्रामीणों ने जाम को खोला। जिससे स्टेट हाइवे साढ़े तीन घंटे तक जाम रहा। रुदावल एसएचओ नरेंद्र सिंह राजावत ने बताया की एक हाइवा रुदावल की तरफ से बयाना की तरफ जा रहा था। जैसे ही हाइवा जरीला गांव पार कर रहा था तो इस दौरान हाइवा ने पीछे से महिला को टक्कर मार दी। जिससे हाइवा के टायर के नीचे आने से गांव जरीला निवासी मोहनदेई (44) पत्नी दारासिंह जाटव की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने गांव जरीला से निकलने वाले स्टेट हाईवे पर ब्रेकर लगाने की मांग की। सूचना पर एडीशनल एसपी हरिराम कुमावत, सीओ नीरज भारद्वाज, रुदावल एसएचओ नरेन्द्र सिंह, रूपवास एसएचओ लखन खटाना मय जाब्ता के मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर ही ब्रेकर लगवाने एवं बेकाबू चलने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग पर अड़ गए। पुलिस अधिकारियों ने पीडब्ल्यूडी एक्सईएन से बातचीत कर ग्रामीणों की मांग से अवगत कराया। जिस पर पीडब्ल्यूडी एक्सईएन ने दो दिन में ब्रेकर लगवाने की बात कही। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को दो दिन में स्पीड ब्रेकर लगवाने व वाहन चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। पुलिस अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों से जाम खोलने की काफी समझाइश की गइ, तब जाकर ग्रामीणों ने जाम को खोला। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में 20 नवम्बर 2022 को बेकाबू ट्रेक्टर-ट्राली ने एक महिला को कुचल दिया था। जिसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। तब अधिकारियों ने स्पीड ब्रेकर लगवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन स्पीड ब्रेकर अभी तक नहीं लग सके है। इस कारण यह दूसरी घटना हो गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *