पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के छहमुहान पर शुक्रवार को एक रसोई गैस सिलेंडर लदे ट्रक की चपेट में आने से एक दिव्यांग व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान लेस्लीगंज के दुमी निवासी 55 वर्षीय अशोक पासवान के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर लिया और चालक को हिरासत में ले लिया। नगर निगम कर्मियों के सहयोग से पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया। अशोक पासवान पिछले 30 साल से धोबी मोहल्ला में प्रदीप कुमार के घर रहते थे और प्रधान डाकघर के सामने उनकी मिठाई की दुकान में काम करते थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अशोक पासवान हर दिन की तरह सुबह धोबी मोहल्ला से छहमुहान चाय पीने आए थे। इसी दौरान एक गैस सिलेंडर लदे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। दुकान मालिक प्रदीप कुमार ने बताया कि अशोक पिछले 30 साल से उनकी दुकान में काम कर रहे थे और उनके घर पर ही रहते थे। उनकी शादी नहीं हुई थी। घटना की सूचना उनके परिवार के अन्य सदस्यों को दे दी गई है। मौके पर मौजूद लोगों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने का आग्रह किया है। शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ज्योति लाल रजवार ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।


