फोर्ब्स ने गुरुवार को ‘30 अंडर 30 एशिया-2025’ सूची का 10वां संस्करण जारी किया। इसमें रांची की साक्षी जैन को भी जगह मिली है। उन्हें सोशल मीडिया, मार्केटिंग और एडवर्टाइजिंग कैटेगरी में चुना गया है। साक्षी चार्टर्ड अकाउंटेंट और कंटेंट क्रिएटर हैं। साक्षी ने स्कूली शिक्षा रांची के बिशप वेस्टकॉट गर्ल्स स्कूल और दिल्ली पब्लिक स्कूल से की। फिर संत जेवियर्स कॉलेज से ग्रेजुएशन किया। इसके बाद चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए) की परीक्षा पास की। साक्षी ने कहा-2022 में सीए की परीक्षा पास करने के बाद मार्च 2023 में बेंगलुरू में आदित्य बिरला ग्रुप ज्वॉइन किया। लेकिन मुझे नौकरी रास नहीं आई और अपना बिजनेस करने का मन बनाया। मैंने सोशल मीडिया में कंटेंट क्रिएटर के रूप में काम करना शुरू कर दिया। मैं फाइनेंस से संबंधित कंटेंट बनाती हूं। जब फोर्ब्स के बारे में जानकारी मिली तो मैंने अप्लाई कर दिया। इसके बाद प्रश्न-उत्तर की प्रक्रिया शुरू हुई और मैं प्रश्नों का जवाब देना शुरू कर दिया। उस समय मुझे नहीं लगा कि मैं चुनी जाऊंगी। अचानक लिस्ट जारी हुई और विश्व के 30 चुनिंदा युवाओं में मेरा भी सेलेक्शन हो गया। सूची में अपना नाम देखकर मेरी खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा। स्कूलिंग के समय मेरे नंबर हमेशा 90% से ऊपर आते थे। कॉलेज में भी कमोबेश यही स्थिति थी। चार्टर्ड अकाउंटेंसी की परीक्षा में भी अच्छे ग्रेड से पास हुई। अब फॉर्ब्स में चुनी गई तो बेहद खुश हूं।” साक्षी के पिता पंकज पांडेया जैन रांची में बिजनेस मैन ओर मां अंचला जैन होम मेकर हैँ। दादा एसके जैन रांची कॉलेज में इतिहास विभाग में प्रोफेसर थे।


