रांची से 35 किमी दूर स्थित बुढ़मू के तिरु फॉल में नहाने के दौरान डूबने से दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों की मौत हो गई। मृतकों में रांची के हेहल निवासी अंकुर कुमार (26), आशीष कुमार (23) और चान्हो के करकट गांव के रहने वाले दीपक गिरि (19) शामिल हैं। शुक्रवार को करीब 12 बजे तीनों युवक परिवार के साथ तिरु फॉल में पिकनिक मनाने आए थे। नहाने के दौरान आशीष कुमार गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए भाई अंकुर और दोस्त दीपक भी गहरे पानी की ओर गए। वे तीनों भी डूबने लगे। उन्हें डूबता देखकर अंकुर की मां भी पानी में उतर गईं। लेकिन, तबतक तीनों युवक गहरे पानी में फंस चुके थे। फॉल के पास मौजूद पर्यटकों के शोर मचाने के बाद पुलिस और कई ग्रामीण वहां पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद तीनों को पानी से बाहर निकाला गया। तुरंत उन्हें सीएचसी बुढ़मू लाया गया। लेकिन, तबतक तीनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इंजीनियर थे दोनों भाई, नई कार खरीदने पर पिकनिक गए थे आशीष गुड़गांव में निजी कंपनी में इंजीनियर थे और कुछ दिन पहले छुट्टी में रांची अपने घर आए थे। उनका भाई अंकुर भी इंजीनियर था। कुछ दिन पहले ही उसकी नौकरी रांची के आईएचएम में नौकरी लगी थी। मंगलवार को आशीष ने एक नई ब्रेजा कार खरीदी थी और उसी खुशी में पिकनिक मनाने परिवार के साथ तिरु फॉल आए थे। शुक्रवार शाम को ही आशीष को वापस दिल्ली जाना था। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। पिपरवार थाना में सिपाही है मां आशीष और अंकुर की मां पिपरवार थाना में सिपाही के पद पर कार्यरत है। वहीं, दीपक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय का छात्र था। घटना की सूचना मिलने पर दोनों परिवारों के परिजनों और शुभचिंतक सीएचसी बुढ़मू पहुंचे। युवकों का शव देखकर पूरा परिसर विलाप से गूंज रहा था। सीओ सच्चिदानंद कुमार वर्मा बीडीओ धीरज कुमार व मांडर इंस्पेक्टर शशिभूषण चौधरी सीएचसी पहुंचे। सीओ ने कहा कि क्षेत्र में स्थित सभी पर्यटन स्थल में सुरक्षा-व्यवस्था पुख्ता की जाएगी।


