रांची के मैक्लुस्कीगंज में 0.9 डिग्री पर पहुंचा पारा:अभी मौसम में नहीं होगा बड़ा बदलाव, कोहरे से हवाई सेवाएं प्रभावित, 13 फ्लाइट रद्द

रांची समेत पूरे झारखंड में शीतलहर का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल ठंड से राहत के संकेत नहीं हैं। उत्तर-पश्चिम से आ रही ठंडी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। अगले तीन से चार दिनों तक पारे में खास बदलाव की संभावना नहीं है। 29 दिसंबर को भी न्यूनतम तापमान लगभग स्थिर रहेगा, जबकि 30 दिसंबर के बाद धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। इसके बावजूद सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित रहेगा। ग्रामीण इलाकों में ठंड का ज्यादा असर राज्य के लगभग सभी जिलों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी रांची में रविवार को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड का असर और तेज रहा। कांके क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोल्हान क्षेत्र में भी पारा 2.5 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। ठंडी हवाओं के कारण सुबह और शाम के समय लोगों को ज्यादा परेशानी हो रही है। खुले और ग्रामीण इलाकों में हालात शहरी क्षेत्रों की तुलना में ज्यादा गंभीर बने हुए हैं। मैक्लुस्कीगंज का पारा 0.9 डिग्री पहुंचा पारा रांची और आसपास के इलाकों में ठंड ने पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। मैक्लुस्कीगंज के जोभिया स्थित राणा कंट्री कॉटेज में लगे डिजिटल मीटर में न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह पिछले दो दशकों में पहली बार है जब तापमान 1 डिग्री से नीचे पहुंचा है। रांची में भी रविवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री गिरकर 6.2 डिग्री पर आ गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम है। हालांकि अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी से दिन में हल्की राहत मिली। कोहरे से हवाई सेवाएं प्रभावित, 13 फ्लाइट रद्द घने कोहरे का असर रांची एयरपोर्ट पर भी देखने को मिला। बीते 24 घंटे में बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से संचालित 13 फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं, जबकि कई उड़ानें देरी से रवाना हुईं। सुबह की उड़ानें सबसे ज्यादा प्रभावित रहीं। रांची से कोलकाता, दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद, पटना, मुंबई और अहमदाबाद जाने वाली फ्लाइट्स अपने निर्धारित समय से देर से उड़ीं। फ्लाइट रद्द होने और देरी के कारण यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। एयरपोर्ट प्रशासन ने मौसम साफ होने पर परिचालन सामान्य होने की बात कही है, लेकिन कोहरे की स्थिति बनी रहने पर आगे भी दिक्कतें हो सकती हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *