रांची सहित राज्यभर में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलेगा। तमिलनाडु में बन रहे निम्न दबाव के क्षेत्र की वजह से रांची सहित राज्य के अधिकतर जिलों में सोमवार से बादल छाया रहेगा। 29 नवंबर तक बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक ठंड से राहत की संभावना जताई है। क्योंकि, न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। 26 नवंबर से एक बार फिर उत्तरी-पश्चिमी हवा चलेगी। इससे न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट हो सकती है। लेकिन इसके बाद फिर तापमान चढ़ेगा। इस दौरान ठंड से राहत मिलेगी। इस दौरान रांची का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने की कम संभावना है। इधर, पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान पाकुड़ में 30.5 डिग्री सेल्सियस आैर सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.3 लोहरदगा का दर्ज किया गया।


