रांची में आतंकी संगठन HUT पर पहली FIR:झारखंड ATS के पास इनपुट, युवाओं को गुमराह कर बना रहे थे नेटवर्क; 2024 में हुआ बैन

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर देशभर में आक्रोश है। इसी बीच शनिवार को धनबाद में झारखंड एटीएस ने छापेमारी की। एटीएस को सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित आतंकी संगठन हिज्ब-उत-तहरीर (एचयूटी), अलकायदा इन इंडियन सब कॉन्टिनेंट (एक्यूआईएस) और आईएसआईएस से जुड़े लोग राज्य के युवाओं को गुमराह कर अपने नेटवर्क से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। इस छापेमारी के दौरान टीम ने धनबाद के बैंक मोड़ के अलीनगर निवासी गुलफाम हसन, भूली ओपी क्षेत्र के अमन सोसाइटी निवासी आयान जावेद, उसकी पत्नी शबनम परवीन और शहजाद को अरेस्ट किया है। इनसे दो पिस्टल, 12 गोलियां, मोबाइल, लैपटॉप, प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े दस्तावेज और किताबें भी बरामद की। रांची में आतंकी संगठन HUT पर पहली FIR इस पूरे छापेमारी के दौरान प्रतिबंधित आतंकी संगठन हिज्ब-उत-तहरीर (एचयूटी) का नाम सामने आया। यह एक प्रतिबंधित आतंकी संगठन है। जिसे केंद्र सरकार ने 10 अक्टूबर 2024 को प्रतिबंधित कर दिया था। इस संगठन को विधि विरुद्ध क्रिया कलाप निवारण अधिनियम (यूएपीए) के तहत प्रतिबंधित किया गया था। प्रतिबंध​ के बाद इस संगठन के खिलाफ देश में यह पहली एफआईआर है, जिसे एटीएस रांची थाने में दर्ज की गई है। आतंकी गतिविधियों से भी जुड़ा वासेपुर का नाम धनबाद का वासेपुर अब तक संगठित आपराधिक गतिविधियों के लिए सुर्खियों में रहता था। लेकिन अब इसका नाम आतंकी गतिविधियों से भी जुड़ गया। वासेपुर के शमशेर नगर से एटीएस ने शबनम परवीन को गिरफ्तार किया है। अब एटीएस गिरफ्तार संदिग्धों से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं। यह नेटवर्क कहां-कहां सक्रिय है। पकड़े गए सभी आरोपियों की उम्र 20 से 21 साल एटीएस ने जिन चार लोगों को पकड़ा है, उनकी उम्र 20 से 21 साल है। आतंकी संगठन ऐसे लोगों को ही अपने साथ जोड़ रहे हैं, जो कम उम्र होने के कारण इस तरह के काम में लग जाए। गिरफ्तार किए गए लोगों में गुलफाम हसन की उम्र 21 साल, आयान जावेद की उम्र 21 साल, मो शहजादा आलम की उम्र 20 साल और उसकी पत्नी शबनम प्रवीण की उम्र करीब 20 साल है। एटीएस इन्हें आज रांची लाएगी और पूछताछ करेगी। पकड़े गए सभी किराएदार, किसी ने नहीं दिए कागजात पकड़े गए गिरफ्तार लोगों के बारे में एक बात सामान्य रही। सभी आरोपी किराए के मकान में रह रहे थे। उनसे मकान मालिकों ने किसी प्रकार के कागजात नहीं लिए थे। आरोपी क्या करते हैं, मकान मालिक को भी जानकारी नहीं है। आयान जावेद का अमन सोसाइटी में अपना घर है, लेकिन वह पत्नी के साथ किराए के मकान में शमशेर नगर में रह रहा था। ——————————- इस खबर को भी पढ़ें… पहलगाम अटैक- धनबाद में 15 जगह ATS की रेड:हिरासत में 5 लोग; लैपटॉप-हथियार मिलने की खबर; डार्क वेब से आतंकी संगठन से जुड़े होने का शक जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की आंच झारखंड के धनबाद तक पहुंच गई है। शनिवार की सुबह से ही धनबाद शहर के वासेपुर सहित कई इलाके में ATS ने डेरा डाल रखा है। जानकारी के मुताबिक, ATS को आशंका है कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के तार धनबाद से भी कनेक्ट हो सकते हैं। इसी क्रम में जांच शुरू की गई है। धनबाद में ATS 15 अलग-अलग लोकेशन पर सुबह से जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक 12 संदिग्धों की तलाश में टीम छापेमारी कर रही है। जिसमें से 5 लोगों को हिरासत में लिया है और पूछताछ की जा रही है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *