रांची के चान्हो में 23 अप्रैल की देर रात तीन अपराधियों ने एक घर में घुसकर दंपती को बंधक बनाकर लूटपाट की। लूटपाट के दौरान पैसे और जेवर कम मिले। जिसके बाद अपराधियों ने दंपती को पिस्टल का भय दिखा कर पास के जंगल में ले गए। वहां पति को पेड़ से बांध दिया और उनके सामने ही 36 वर्षीय पत्नी के साथ रेप किया। अपराधियों ने किसी से कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी और भाग निकले। 3 दिन बाद पुलिस तक पहुंचे दंपती, हुई गिरफ्तारी घटना के 3 दिन बाद दंपती पुलिस तक पहुंचे और प्राथमिकी दर्ज कराई। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस एक्शन मोड में आई। पुलिस ने टेक्निकल सेल की मदद लेते हुए 3 अपराधियों को अरेस्ट किया है। इनके नाम राजेश उरांव और राजेंद्र उरांव है। डर से थाने नहीं गए दंपती, कॉल कर मांगी रंगदारी रेप और लूट की घटना को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने पीड़ित दंपती को इतना डराया कि वे पुलिस के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। घटना के अगले दिन अपराधियों ने महिला से लूटे गए मोबाइल से उन्हीं लोगों को फोन कर एक लाख रंगदारी मांगी। पैसा नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित दंपती 26 अप्रैल को थाना पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को देते हुए एफआईआर दर्ज कराई। दरिंदों के सामने गिड़गिड़ाती रही पीड़ित महिला पीड़ित महिला जंगल में दरिंदों के सामने गिड़गिड़ाते हुए छोड़ देने की गुहार लगाती रही, लेकिन उसके पति के सामने ही 10 कदम की दूरी पर 19 साल का अपराधी राजेंद्र रेप करता रहा। बंधे होने के कारण पति कुछ नहीं कर सके। उन्होंने शोर मचाने का प्रयास किया तो अपराधियों ने मुंह पर कपड़ा बांध दिया। एक अपराधी पीड़ित पति के कनपट्टी पर हथियार सटाए हुए था। महुआ चुनते समय मिली थी पिस्टल अपराधियों ने पिस्टल कहां से मिली इसकी जानकारी देते हुए कहा कि कुछ दिनों पहले चान्हों में महुआ चुनने गया था, इसी दौरान पिस्टल व गोली मिली थी। हालांकि, पुलिस को इस बात पर यकीन नहीं हुआ है। पूरी प्लानिंग से घर से घुसे थे तीनों पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार राजेंद्र उरांव और राजेश उरांव सगे भाई हैं। दोनों चान्हो थाना क्षेत्र के बरगढ़ा गांव के रहने वाले हैं। तीसरा नाबालिग आरोपी भी उनका रिश्तेदार ही है। तीनों ने पूरी प्लानिंग करके दंपती के घर घुसे। हथियार के बल पर मोबाइल के अलावा चांदी का पायल और अंगूठी लूट ले गए थे। पुलिस ने इसी मोबाइल से अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी की है।


