रांची में रविवार शाम मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में वीमेंस हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के दूसरे सीजन की भव्य शुरुआत हुई। कड़ी ठंड के बीच खेल, संस्कृति और तकनीक के अनोखे संगम ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया। करीब 15 मिनट तक चली रंग-बिरंगी आतिशबाजी और अत्याधुनिक लेजर शो ने पूरे स्टेडियम को तिरंगे के रंग में रंग दिया। उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि गांडेय विधायक कल्पना सोरेन रहीं। इस मौके पर हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की, महासचिव भोलानाथ सिंह और लीग में शामिल चारों टीमों की कप्तानें मंच पर मौजूद रहीं। सभी ने संयुक्त रूप से ट्रॉफी का अनावरण कर लीग की औपचारिक शुरुआत की। इधर, हॉकी प्रेमी एंट्री टाइम से पहले ही स्टेडियम के बाहर लाइन में लग गए थे। कोई दोस्तों के साथ तो कोई परिवार संग पहुंचा। दर्शकों को शाम 4 बजे से प्रवेश दिया गया। संघर्ष की मिट्टी से निकलीं चैंपियन बेटियों ने समर्पण और जज्बे से बढ़ाया झारखंड का मान: कल्पना सोरेन विधायक कल्पना सोरेन ने कहा कि झारखंड की बेटियों ने सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने साकार किए हैं। वे तब से हॉकी खेलती आ रही हैं, जब उनके हाथों में हॉकी स्टिक तक नहीं होती थी। पेड़ों की टहनियों को स्टिक बनाकर बेटियों ने अपने सपनों को आकार दिया। सरकार उन्हें हर संभव सहयोग देगी। मानुषी छिल्लर मुख्य आकर्षण समारोह की आकर्षण रहीं पूर्व मिस वर्ल्ड और बॉलीवुड अभिनेत्री मानुषी छिल्लर। उनके डांस पर स्टेडियम तालियों और सीटियों से गूंज उठा। उन्होंने ‘कुफर करे’, ‘हुस्न तेरा तौबा तौबा’ और ‘धुरंधर’ जैसे लोकप्रिय गीतों पर डांस किया। इसके बाद पूरे मैदान का चक्कर लगाकर दर्शकों का अभिवादन किया।


