राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा नीट (यूजी) परीक्षा का आयोजन 4 मई को किया जाएगा। रांची में परीक्षा के लिए 22 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रो पर प्रथम पाली में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षा होगी। परीक्षार्थियों को कड़ी जांच के बाद प्रवेश मिलेगा। इस दौरान सुरक्षा के दृष्टिकोण से सभी केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लगा दी गई है। सदर एसडीओ उत्कर्ष कुमार ने इससे संबंधित निर्देश जारी किया है। निर्धारित क्षेत्र में सुबह 11 बजे से रात्रि 8 बजे तक पांच या पांच से अधिक लोगों के जमा होने, ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग करने, हरवे-हथियार लेकर चलने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। परीक्षा केंद्र में स्टूडेंट्स सुबह 11 से 1.30 बजे तक प्रवेश कर सकते हैं। इन सीटों के लिए हो रहा एंट्रेंस एग्जाम
इस परीक्षा के जरिए एमबीबीएस के 780 मेडिकल कॉलेजों की 1,18,190 सीटें, बीडीएस के 323 कॉलेजों की 27,618 सीटें, आयुष कोर्सेज और बीवीएससी की 55,851 सीटें, साथ ही कुछ चुनिंदा बीएससी नर्सिंग कोर्सेज की सीटें भरी जाएंगी।


