रांची मैराथन 9 फरवरी को, इस साल कुल पुरस्कार राशि 35.10 लाख

सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की ओर से कोल इंडिया रांची मैराथन के तीसरे संस्करण का आयोजन किया जा रहा है, जो 9 फरवरी 2025 को आयोजित किया जाएगा। इस बार कुल 35.10 लाख की पुरस्कार राशि शीर्ष प्रतिभागियों में वितरित की जाएगी। यह मैराथन मोरहाबादी में होगा। इसके लिए बुधवार को आधिकारिक वेबसाइट लांच की गई। साथ ही कोल इंडिया रांची मैराथन में भाग लेने के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। वेबसाइट का शुभारंभ सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने किया। मौके पर सीसीएल के निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (कार्मिक) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी, संचालन) हरीश दूहन, मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार आदि उपस्थित रहे। सीसीएल के सीएमडी ने कहा कि कोल इंडिया रांची मैराथन के लिए वेबसाइट लांच किया गया है। इसमें मैराथन के रूट की जानकारी, पुरस्कार की राशि, दिशा-निर्देश देख सकेंगे। साथ ही रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। इस मैराथन मंे लगभग 10 हजार प्रतिभागियों के भाग लेने का अनुमान है। बता दें कि इस बार मैराथन को एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) के साथ पंजीकृत किया गया है और इसका रूट एसोसिएशन ऑफ इंटरनेशनल मैराथन एंड डिस्टेंस रेस (एआईएमएस) द्वारा प्रमाणित है। इस बार मैराथन में टॉप-10 धावकों को किया जाएगा पुरस्कृत तीन प्रमुख श्रेणियों में आयोजित इस मैराथन में फुल मैराथन (42 किमी.), हाफ मैराथन (21 किमी.) और 10 किमी. की दौड़ शामिल हैं। हर श्रेणी के विजेताओं के लिए नकद पुरस्कार रखे गए हैं। फुल मैराथन के शीर्ष विजेताओं को 3.30 लाख रुपए, हाफ मैराथन के विजेताओं को 2.20 लाख रुपए और 10 किमी दौड़ के विजेताओं को 1.10 लाख रुपए का पुरस्कार मिलेगा। कुल मिलाकर 35.10 लाख की पुरस्कार राशि शीर्ष प्रतिभागियों में वितरित की जाएगी। इस साल टॉप 10 धावकों को पुरस्कार दिया जाएगा। पिछले साल टॉप-7 धावकों को पुरस्कृत किया गया था। मैराथन के तीसरे संस्करण के वेबसाइट की लॉन्चिंग के मौके पर कोल इंडिया के पदाधिकारी। क्या है रजिस्ट्रेशन शुल्क कोल इंडिया रांची मैराथन में भाग लेने के लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क निर्धारित है। इसमें फुल मैराथन के लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क 1000 रुपए, हाफ मैराथन के लिए 750 रुपए निर्धारित है। वहीं 10 किलोमीटर के लिए शुल्क 300 रुपए व 5 किलोमीटर के लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क 100 रुपए निर्धारित किया गया है। 5 किलोमीटर की दौड़ में सभी एज ग्रुप के प्रतिभागी भाग ले सकेंगे। मैराथन से संबंधित ज्यादा जानकारी वेबसाइट https://centralcoalfields.in/cilranchimarathon/ पर ले सकते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *