प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ को महज 16 दिन बचे हैं। राज्य से बड़ी संख्या में लोग कुंभ स्नान को जा रहे हैं। लेकिन ट्रेनों और बसों में बढ़ती भीड़ की वजह से लोगों का जाना संभव नहीं हो पा रहा है। कुछ लोग प्राइवेट गाड़ियों से प्रयागराज तक जा रहे हैं। ऐसे लोग रास्ते में जाम में फंस रहे हैं। कुंभ के अंतिम पड़ाव में स्नान करने को इच्छुक लोगों के लिए रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से प्रयागराज के लिए सीधी उड़ान सेवा मिलेगी। यह सेवा इंडिगो की ओर से दी जाने वाली है। कंपनी की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक यह सेवा 10 दिनों का होगा। इसकी शुरुआत 17 फरवरी से होने वाली है। इंडिगो की ओर से 28 फरवरी तक यह सेवा मिलेगी। हालांकि अभी इसके लिए टिकटों की बिक्री शुरू नहीं हुई है। लोगों को सीधी उड़ान की सेवा मिले, इसे लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 180 सीटर होगी फ्लाइट की सेवा रांची से प्रयागराज के लिए इंडिगो की ओर से 180 सीटर फ्लाइट दी जा रही है। इंडिगो एयरलाइंस की ओर से इसका शेड्यूल एयरपोर्ट अथॉरिटी को दे दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, प्रयागराज से यह विमान सप्ताह में तीन दिन उपलब्ध होगी। यह सोमवार, बुधवार और शुक्रवार के दिन प्रयागराज रांची प्रयागराज के बीच आवाजाही करेगी। दिन के 10.20 बजे उड़ान भरकर 11.30 बजे रांची आएगी। जबकि, यहां से विमान दिन के 12 बजे उड़ान भरकर 1.10 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। फिलहाल, रांची से प्रयागराज जाने वाले यात्रियों को कोलकाता, दिल्ली, लखनऊ, मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु होते हुए कनेक्टिंग फ्लाइट से यात्रा करनी पड़ती है। कंपनी की माने तो अभी सेवा 10 दिनों की ही होगी। अगर रेस्पांस सही रहा तो इसे स्थायी किया जा सकता है। रांची से चार कुंभ स्पेशल ट्रेनों का भी विकल्प रेलवे ने कुंभ स्पेशल ट्रेन चलाई है। इनमें 19 व 22 फरवरी को ट्रेन नंबर 08425 भुवनेश्वर- टूंडला कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन वाया मुरी प्रस्थान करेगी। 08314 टिटिलागढ़ -टूंडला कुंभ मेला स्पेशल वाया रांची 20 व 27 फरवरी को है। 07107 तिरुपति- बनारस- कुंभ मेला स्पेशल वाया रांची 8, 15 व 22 फरवरी को चल रही है। 07109 नरसापुर -बनारस कुंभ मेला स्पेशल भाया रांची 2 फरवरी को चलेगी। इसके अतिरिक्त इसके धनबाद से भी ट्रेन का विकल्प है। यहां से 12311/12312 हावड़ा-कालका-हावड़ा नेताजी एक्सप्रेस ट्रेन है। यह ट्रेन रात 1.45 बजे धनबाद आती है, 10.40 बजे प्रयागराज पहुंचती है। वापसी में प्रयागराज में शाम 5.05 बजे मिलती है जो देर रात 3.17 बजे धनबाद आती है।


