भास्कर न्यूज | लुधियाना श्री स्वामीनारायण मंदिर थरीके रोड लुधियाना के संत मंडल और सैकड़ों हरिभक्तों ने मिलकर हरिद्वार के तट पर होली महा-उत्सव को बेहद श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया। पंजाब, दिल्ली और देश के विभिन्न प्रांतों से आए भक्तों ने संतों के सान्निध्य में न केवल रंगों से होली खेली, बल्कि महा-संकीर्तन का भी आनंद लिया। इस पावन अवसर पर नित्य स्वरूप स्वामी ने भक्तों को संबोधित करते हुए होली के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि होली का यह महापर्व हमें प्रभु के दिव्य प्रेम से जोड़ने का उत्सव है। जिस जीव पर एक बार परमात्मा के प्रेम का रंग चढ़ जाता है, फिर उसे संसार का कोई अन्य मोह-माया का रंग प्रभावित नहीं कर सकता। उन्होंने भक्तों को सीख दी कि यह त्योहार हमें राग-द्वेष से दूर रहकर सभी के जीवन में सुख और प्रसन्नता का कारण बनने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के दौरान निष्काम स्वरूप स्वामी ने होली के मनमोहक भजनों की प्रस्तुति दी। इस दिव्य उत्सव में लुधियाना और आसपास के क्षेत्रों से कई प्रमुख व्यक्तित्व शामिल हुए, जिनमें मुख्य रूप से नरेश ऑल, संजय जैन, सरोज जैन, रमन सेठी, मंजू सेठी, अरुण सूद, रितु सूद, पुनीत गुप्ता, रितु गुप्ता, स्वर्णलता ऑल, अतुल शर्मा और दीपक रस्तोगी सहित भारी संख्या में भक्तजन उपस्थित रहे।


