राजगढ़-कुक्षी मार्ग पर हिट एंड रन में बुजुर्ग की मौत:वाहन कुचलकर फरार, कंजरोटा में ग्रामीणों का डेढ़ घंटे चक्काजाम

धार जिले के राजगढ़-कुक्षी मुख्य मार्ग पर ग्राम कंजरोटा में मंगलवार को एक तेज रफ्तार वाहन ने साइकिल सवार बुजुर्ग को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई और उनका शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। शव की पहचान 57 वर्षीय कोदर सिंह पिता लूना वास्केल, निवासी कंजरोटा के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि कोदर सिंह रोजाना की तरह साइकिल से राजगढ़ स्थित एक दुकान पर चौकीदारी करने जा रहे थे। कंजरोटा गांव के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी और चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। शव की हालत देखकर ग्रामीण और राहगीर स्तब्ध रह गए। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और आक्रोशित होकर राजगढ़-कुक्षी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि इस मार्ग से रोजाना भारी वाहन तेज रफ्तार में गुजरते हैं, लेकिन यातायात व्यवस्था के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। डेढ़ घंटे तक चला चक्काजाम
करीब डेढ़ घंटे तक चले चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाइश देकर यातायात बहाल कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। वहीं, ग्रामीणों ने सड़क पर स्पीड कंट्रोल और सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *