राजगढ़ में असमय बारिश और पीला मोजेक से सोयाबीन बर्बाद:भाजपा जिलाध्यक्ष ने CM को पत्र लिखा, प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग

राजगढ़ जिले में असमय वर्षा और पीला मोजेक रोग के कारण सोयाबीन की फसलें बड़े पैमाने पर नष्ट हो गई हैं। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। किसानों की इस स्थिति को देखते हुए, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा और बीमा राशि स्वीकृत करने की मांग की है। गुर्जर ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि प्राकृतिक आपदा के कारण किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है। कई स्थानों पर फसलों की पैदावार बहुत कम हुई है, जिससे किसानों को गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि असमय वर्षा और पीला मोजेक रोग ने सोयाबीन की फसलों को बुरी तरह प्रभावित किया है, जिससे उत्पादन में कमी आई है और किसानों की आय पर प्रतिकूल असर पड़ा है। जिलाध्यक्ष गुर्जर ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि प्रभावित किसानों की स्थिति को देखते हुए उनकी फसलों का तत्काल सर्वे कराया जाए। उन्होंने वास्तविक नुकसान के आधार पर किसानों को उचित मुआवजा और बीमा राशि का भुगतान करने की मांग की है, ताकि वे अपनी आगामी फसलों की तैयारी कर सकें। गुर्जर ने यह भी निवेदन किया है कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले और शीघ्र कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि इससे प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को राहत मिल सकेगी और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *