राजगढ़ जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र के बेदर गांव में 19 वर्षीय एक नवविवाहित महिला रेखा बाई ने खेत की मेड़ पर लगे पेड़ पर फांसी लगा ली। रविवार को तहसीलदार, एसडीओपी और पुलिस की मौजूदगी में उसके शव का पोस्टमार्टम खिलचीपुर अस्पताल में किया गया । थाना प्रभारी रजनीश सिरोठिया ने बताया कि मृतिका के परिजनों का कहना है कि रेखा बाई की शादी कुछ समय पहले राजस्थान के जामन्या गांव में हुई थी। हालांकि, शादी के बाद से महिला को ससुराल नहीं भेजा गया था और वह अपने मायके में ही रह रही थी। शनिवार की रात को रेखा बाई घरवालों से खेत पर जाने की बात कहकर निकली थी। जब देर रात तक वह घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसे ढूंढना शुरू किया। तलाश के दौरान उसका शव खेत में एक पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना भोजपुर थाने में दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच के बाद खिलचीपुर अस्पताल भिजवाया। रविवार को तहसीलदार, एसडीओपी आनंद राय, पुलिस, मृतिका के परिजन और ससुराल पक्ष की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मृतिका के मायके और ससुराल पक्ष से पूछताछ कर रही है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।


