राजगढ़ जिले के खिलचीपुर बस स्टैंड पर गुरुवार रात अज्ञात चोरों ने एक गुटखा-पान की गुमटी को निशाना बनाया। चोर गुमटी के दोनों ताले तोड़कर नकदी से भरी गल्ला पेटी चुरा ले गए। शुक्रवार सुबह दुकान संचालक राहुल मालाकार जब गुमटी खोलने पहुंचे, तो उन्हें ताले टूटे हुए मिले। घटनास्थल पर एक लोहे का सब्बल भी पड़ा मिला, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने इसी औजार का इस्तेमाल कर ताले तोड़े होंगे। दुकानदार के अनुसार, गल्ला पेटी में लगभग 5 से 7 हजार रुपए की नकदी रखी थी। राहुल मालाकार ने बताया कि उन्होंने गुरुवार रात करीब 12 बजे दुकान बंद की थी और सुबह लौटने पर उन्हें चोरी का पता चला। घटना की सूचना मिलने पर खिलचीपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सब्बल जब्त कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।


