राजगढ़ जिले में हाईवे स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर डकैती की बड़ी साजिश को पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। बुधवार को राजगढ़ पुलिस ने जालपा माता मंदिर की पहाड़ी के पीछे जंगल क्षेत्र से पारदी गैंग के 10 हथियारबंद बदमाशों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई का खुलासा पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने प्रेस वार्ता में किया। मुखबिर की सूचना से खुला मामला एसपी अमित तोलानी ने बताया कि 7 जनवरी 2026 को थाना राजगढ़ प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वर्मा को एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी। मुखबिर ने बताया था कि 10 से 12 बदमाश हथियारों से लैस होकर जालपा माता मंदिर के पीछे पहाड़ी के नीचे जंगल में इकट्ठा हैं और हाईवे पर स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर डकैती की योजना बना रहे हैं। तीन टीमों ने की जंगल की घेराबंदी सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस दलों ने अलग-अलग दिशाओं से जंगल और पहाड़ी क्षेत्र की घेराबंदी की और पैदल दबिश दी। मौके पर बदमाश हथियारों के साथ बैठे मिले और उनके पास पांच बाइकें खड़ी थीं। पहले से तय थी डकैती की पूरी योजना पुलिस को बदमाशों की बातचीत से पता चला कि डकैती की पूरी योजना पहले से तय थी। कुछ बदमाश पेट्रोल पंप कर्मचारियों को हथियारों से कवर करने वाले थे, कुछ सड़क पर निगरानी रखने वाले थे, जबकि अन्य ऑफिस में घुसकर नकदी लूटने की जिम्मेदारी निभाने वाले थे। भागने की कोशिश, लेकिन सभी गिरफ्तार रेड के दौरान बदमाशों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की घेराबंदी और मुस्तैदी के चलते सभी 10 आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। सभी आरोपी कुख्यात पारदी गैंग से जुड़े हैं। गिरफ्तार बदमाशों के खिलाफ मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों में डकैती, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और संगठित अपराध के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से इनकी तलाश कर रही थी। हथियार, नकदी और महंगी बाइक जब्त पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तलवार, दो फर्सी, दो खटकेदार चाकू, दो बेसबॉल बैट, एक लठ्ठ, एक लोहे की रॉड, एक सब्बल, 20 हजार रुपए नकद और पांच मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। इनमें रॉयल एनफील्ड हंटर 350 और यामाहा R15 जैसी महंगी बाइक शामिल हैं। चार बाइक चोरी की निकलीं जांच में सामने आया कि जब्त की गई पांच मोटरसाइकिलों में से चार चोरी की हैं, जिनका इस्तेमाल वारदातों को अंजाम देने के लिए किया जाना था। आरोपियों के खिलाफ थाना राजगढ़ में अपराध क्रमांक 12/26 धारा 310(4), 310(5) बीएनएस एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। फरार आरोपी भी दबोचा गया इसी दौरान थाना सारंगपुर क्षेत्र में डकैती के मामले में फरार आरोपी समीर पारदी को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपी 6 नवंबर 2025 से फरार था और उसे ग्राम बोरखेड़ी, थाना धरनावदा से गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किया गया। पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने कहा कि राजगढ़ पुलिस संगठित अपराध और गैंग गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।


