राजगढ़ जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर प्रशासन अब और सख्ती के मूड में है। भोपाल संभाग कमिश्नर संजीव सिंह ने समीक्षा बैठक में साफ कहा कि आने वाले दो दिन निर्णायक हैं और इस दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में बताया गया कि जिले में फील्ड स्तर पर बीएलओ लगातार दिन-रात काम कर रहे हैं। जनप्रतिनिधियों ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि एसआईआर कार्यों को सफल बनाने में सभी राजनीतिक दल प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखेंगे। कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पलायन कर चुके मतदाताओं की पहचान कर आवश्यकतानुसार फॉर्म-6 और फॉर्म-8 भरवाए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि नो-मैपिंग क्षेत्रों में नोटिस जारी कर सुनवाई की प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रह जाए। जहां भी गड़बड़ी या विसंगति नजर आए, उसका तुरंत समाधान किया जाए। उन्होंने एईआरओ को स्वयं मैदान में उतरकर एसआईआर कार्यों की निगरानी करने और कम से कम 15 से 20 बूथों का क्रॉस-चेक करने के निर्देश दिए। स्थायी पलायन वाले क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने के साथ रिकॉर्ड और दस्तावेजों की गहन जांच पर भी जोर दिया गया। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि शुद्ध और भरोसेमंद मतदाता सूची तैयार करना प्राथमिकता है। इसके लिए ईआरओ और एसडीएम को पुनः जांच, सही दस्तावेजीकरण और पुख्ता डेटा एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। देखिए तस्वीरें…


