राजगढ़ जिले की खिलचीपुर पुलिस ने लूट और लूट के प्रयास के दो मामलों का खुलासा सोमवार को किया। तीन आरोपियों को पकड़ा गया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है जिसकी तलाश जारी है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 50 हजार रुपए के सोने की मुरकी (बालियां) बरामद की गई हैं। एडिशनल एसपी केएल बंजारे ने कहा कि खिलचीपुर में पहली घटना 21 नवंबर 2025 को हुई थी, जब बुजुर्ग मांगीलाल तंवर के कान से दो बदमाशों ने सोने की बालियां झपट ली थीं। दूसरी घटना 3 दिसंबर 2025 को सामने आई, जिसमें किराना व्यापारी श्यामसुंदर गुप्ता से रुपयों से भरा बैग लूटने का प्रयास किया गया। व्यापारी के साहसपूर्ण विरोध के कारण आरोपी मौके से फरार हो गए थे। घटनास्थल से मिली आरोपियों की बाइक, सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की मदद से पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तार आरोपियों में मदन तंवर (मोतीपुरा), नारायण तंवर (कुशलपुरा) और राजेंद्र उर्फ राजू सेन (घाटोली) शामिल हैं। फूलसिंह तंवर (हरिपुरा जागीर) नामक एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। लूट के प्रयास के दौरान बहादुरी दिखाने वाले व्यापारी श्यामसुंदर गुप्ता को राजगढ़ पुलिस ने “पुलिस शौर्य साथी” के रूप में सम्मानित किया।


