राजगढ़ जिले में ठंड का असर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार चल रही शीतलहर के कारण दिन और रात दोनों समय कड़ाके की सर्दी महसूस की जा रही है। हालात ऐसे हैं कि लोग ठंड से बचने के लिए चौक-चौराहों, मोहल्लों और ग्रामीण इलाकों में अलाव जलाकर उसके सामने बैठे नजर आ रहे हैं। ठिठुरन से घरों में दुबके लोग, गलियों में सन्नाटा
रविवार रात शहर में घना कोहरा छा गया था, जिससे ठिठुरन और अधिक बढ़ गई। कोहरे के साथ चली सर्द हवाओं ने जमीन से ठंडक को तेज कर दिया। देर रात सड़कों पर आवाजाही कम रही और शहर में सन्नाटा पसरा रहा। मौसम विभाग के अनुसार राजगढ़ में न्यूनतम तापमान गिरकर 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। ठंड का असर सुबह के समय भी साफ दिखाई दे रहा है। लोग शाल, कंबल और गर्म कपड़ों में पूरी तरह लिपटे हुए नजर आ रहे हैं। आठवीं तक के स्कूलों में अवकाश
बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के सभी शासकीय और निजी स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित किया है। यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। फिलहाल मौसम का मिजाज सर्द बना हुआ है। आसमान में बादल छाए हुए हैं और हल्की शीतलहर चल रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी ठंड से राहत के आसार कम हैं।


