राजगढ़ में सिंचाई करने गए बुजुर्ग की संदिग्ध मौत:खेत के पास बिना मुंडेर वाले कुएं में मिला शव

राजगढ़ जिले के गोपालपुरा गांव में खेत पर सिंचाई करने गए 65 वर्षीय बुजुर्ग प्रभुलाल लोधा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार सुबह उनका शव खेत के पास बने एक कुएं में पानी में उतराता हुआ पाया गया। जानकारी के अनुसार, प्रभुलाल लोधा रविवार रात करीब 9 बजे घर पर भोजन करने के बाद खेत में लगी फसल की सिंचाई के लिए निकले थे। देर रात तक जब वे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। सोमवार सुबह करीब 6 बजे परिजनों ने खेत के पास स्थित देवचंद लोधा के बिना मुंडेर वाले पक्के कुएं में उनका शव पानी में पड़ा देखा। घटना की सूचना मिलते ही पपडेल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर पंचनामा तैयार किया और सुबह करीब 11 बजे शव को कुएं से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए खिलचीपुर अस्पताल भेजा गया, जहां दोपहर में पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बुजुर्ग रात के समय कुएं में कैसे गिरे। पपडेल चौकी पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *