राजगढ़ में 84 हनुमान मंदिरों की सात दिवसीय पदयात्रा शुरू:दूसरे दिन 13 मंदिरों के दर्शन, सातवें दिन जालपा माता परिक्रमा से समापन होगा

राजगढ़ में सकल हिंदू समाज और यात्रा समिति के तत्वावधान में 84 हनुमान मंदिरों के दर्शन के लिए सात दिवसीय पैदल यात्रा आयोजित की जा रही है। यात्रा का आज (रविवार) दूसरा दिन है, जिसमें श्रद्धालु अब तक 13 हनुमान मंदिरों के दर्शन कर चुके हैं। यह पदयात्रा नगर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित हनुमान जी के 84 विभिन्न स्वरूपों वाले मंदिरों तक पहुंचेगी। प्रत्येक मंदिर में यात्रा के एक दिन पहले चोला चढ़ाया जाता है। श्रद्धालु पदयात्रा के पहुंचने पर विधिवत पूजा-अर्चना करते हैं और सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं। रविवार को यात्रा के दूसरे दिन पदयात्रा राम जानकी मंदिर से पुनः प्रारंभ हुई। पूरे नगर में धार्मिक वातावरण बना हुआ है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें सहभागिता कर रहे हैं। यात्रा का समापन सातवें दिन मां जालपा माता मंदिर की पहाड़ी की परिक्रमा और दर्शन के साथ होगा। भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा ने बताया कि इस धार्मिक यात्रा का उद्देश्य समाज में धर्म के प्रति जागृति लाना है। उन्होंने कहा कि राजगढ़ में 84 हनुमान मंदिरों का होना अद्भुत है, जिसकी जानकारी पहली बार व्यापक रूप से सामने आई है। शर्मा ने इसे नगरवासियों का सौभाग्य बताया कि वे ऐसे पावन स्थल में रहते हैं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से पूरे देश में यह संदेश जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग यहां आकर दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त कर सकें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *