राजगढ़ लूटकांड; फरार गैंग पर 1.20 लाख का इनाम घोषित:CCTV के आधार पर 10-12 बदमाशों की पहचान में जुटी पुलिस

राजगढ़ के किला क्षेत्र स्थित सराफा बाजार में हथियारबंद गिरोह द्वारा की गई सनसनीखेज चोरी और लूट के बाद पुलिस ने फरार अपराधियों की तलाश में बड़ा कदम उठाया है। अब अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए घोषित इनाम की राशि बढ़ाकर 1 लाख 20 हजार रुपए कर दी गई है। बता दें कि बीते बुधवार रात 10 से 12 बदमाशों ने गुलेल, सब्बल, पिस्तौल और बंदूक के बल पर सराफा बाजार को निशाना बनाया। इस दौरान दो ज्वेलर्स की दुकानों से लाखों की चोरी की गई, बुजुर्ग व्यापारी पर जानलेवा हमला हुआ और पीछा करने वाले युवकों पर फायरिंग व पत्थरबाजी की गई। हमले में एक युवक की आंख में गंभीर चोट आई, जबकि अन्य भी घायल हुए। पुलिस जांच में सामने आया कि बदमाश पूरी तैयारी के साथ आए थे। उन्होंने पहले राजेंद्र विजयवर्गीय और फिर बागेश्वर ज्वेलर्स की दुकानों में ताले तोड़े। तीसरी दुकान में सो रहे बुजुर्ग गोपालचंद सोनी पर सब्बल से हमला किया गया। इसके बाद अपराधी एक बाइक चोरी कर बिना नंबर की बाइकों से हाईवे की ओर फरार हो गए। सीसीटीवी कैमरों में अपराधियों की गतिविधियां कैद
घटना के बाद पुलिस ने चार अलग-अलग गंभीर प्रकरण दर्ज किए हैं। इन मामलों में पहले घोषित 10-10 हजार रुपए के इनाम को निरस्त कर अब प्रति प्रकरण 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। सराफा बाजार और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों में अपराधियों की गतिविधियां कैद हुई हैं। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है और यह भी आशंका जताई जा रही है कि यह गिरोह बाहर का हो सकता है। डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट टीम की रिपोर्ट को भी जांच में शामिल किया गया है। इस वारदात के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। उनका कहना है कि घनी आबादी वाले इलाके में हथियारों के साथ बदमाशों का खुलेआम घूमना और फायरिंग करना पुलिस की रात्रिकालीन गश्त पर सवाल खड़ा करता है। व्यापारियों ने सराफा बाजार में स्थायी पुलिस पिकेट, नाइट पेट्रोलिंग बढ़ाने और अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम की मांग दोहराई है। पुलिस बदमाशों की तलाश तेज होने का दावा कर रही है, लेकिन व्यापारी तब तक खुद को असुरक्षित मान रहे हैं, जब तक इस गैंग की गिरफ्तारी नहीं हो जाती।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *