राजगढ़ जिले के सारंगपुर में सांसद रोडमल नागर ने शनिवार को 11 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों के शिलान्यास किया। कार्यक्रम में सांसद रोडमल नागर का एक बयान अब चर्चा का विषय बन गया है। अपने उद्बोधन में वह देश को असली स्वतंत्रता 2014 में मिलने की बात कह रहे है। उनके इस बयान का वीडियो रविवार को सामने आया जिसकी विपक्ष ने आलोचना की है। सांसद बोले- देश को वास्तविक स्वतंत्रता 2014 में मिली बता दें कि, सांसद के भाषण का 13 मिनट 28 सेकेंड का वीडियो रविवार सुबह से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिस पर विभिन्न प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। वायरल वीडियो में सांसद नागर भाजपा सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा- अंग्रेजी अखबार का हवाला दिया उन्होंने अपने इस कथन के समर्थन में अंग्रेजी अखबार ‘द गार्जियन’ का हवाला देते हुए कहा कि यह बात अंतरराष्ट्रीय मीडिया भी मानता है। अपने भाषण में सांसद नागर ने यह भी कहा कि आज पूरा देश एकजुट होकर खड़ा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने नई दिशा प्राप्त की है। ‘गंदगी भारत छोड़ो’ दूसरा बड़ा जन आंदोलन सांसद नागर ने स्वतंत्रता आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि आजादी से ‘अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन’ जैसा बड़ा आंदोलन हुआ था। उन्होंने दावा किया कि यदि उसके बाद किसी दूसरे बड़े जन आंदोलन की बात की जाए, तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चला ‘गंदगी भारत छोड़ो’ आंदोलन है, जिसने देश की सोच और व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। अब पढ़ें सांसद नागर का पूरा बयान आज पूरा देश खड़ा है और यह बात समझनी चाहिए कि हमारा देश 15 अगस्त 1947 को आजाद हुआ, लेकिन वास्तविक स्वतंत्रता की शुरुआत 2014 से हुई। यह बात केवल मैं ही नहीं कह रहा हूं। जिन अंग्रेजों ने वर्षों तक इस देश पर शासन किया, उनके देश के प्रमुख अखबार द गार्जियन ने भी यह बात स्वीकार की है। जिस दिन नरेंद्र मोदी की ताजपोशी हुई, उसी दिन द गार्जियन में एक बड़ा संपादकीय प्रकाशित हुआ, जिसका आशय यह था कि भारत में अंग्रेजी शासन का पूर्णतः अंत हो गया है और स्वदेशी का उदय हुआ है। यह बात उसी अखबार ने लिखी है, जिनके देश ने वर्षों तक भारत पर शासन किया। इसकी अनुभूति देश के प्रत्येक नागरिक को होनी चाहिए। और जब हर नागरिक यह अनुभूति करे, तो यहां उपस्थित प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह माउथ टॉकिंग के माध्यम से लोगों तक यह संदेश पहुंचाए, उन्हें बताए और समझाए। विपक्ष ने की आलोचना सांसद के इस बयान के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोग उनके बयान का समर्थन कर रहे हैं, वहीं विपक्षी दलों और कई सामाजिक संगठनों ने इस पर आपत्ति जताई है। आलोचकों का कहना है कि स्वतंत्रता संग्राम और उसके ऐतिहासिक महत्व को इस तरह से आंकना उचित नहीं है। उनके पूर्वजों स्वतंत्रता आंदोलन में नाखून तक नहीं कटवाया कांग्रेस के पूर्व विधायक कृष्णमोहन मालवीय ने कहा कि जिनके पूर्वजों ने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में नाखून तक नहीं कटवाया, बल्कि अंग्रेजों की मुखबिरी की और हमारे स्वतंत्रता सेनानियों को मात्र 60 रुपए की पेंशन पाने के लिए गिरफ्तार करवाया, आज वही लोग देशभक्ति का पाठ पढ़ा रहे हैं। उन्होंने माफीनामे लिखे और अंग्रेजों की “फूट डालो और राज करो” नीति के तहत हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समाज को आपस में लड़वाकर सत्ता हासिल की। पूर्व विधायक ने कहा कि उनकी आजादी 2014 के बाद ही शुरू हुई है, इसलिए वे इस तरह की बातें करते हैं। मध्यप्रदेश में पिछले 22 वर्षों से भाजपा की सरकार है। जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब राज्य पर कर्ज कितना था और आज कितना है, यह भी जनता को देखना चाहिए। दिग्विजय सिंह की सरकार के समय राज्य पर लगभग 21,000 करोड़ रुपए का कर्ज था, जो आज बढ़कर 4 लाख 75 हजार करोड़ रुपए तक पहुंच चुका है। मंत्री टेटवाल की जुबान भी फिसली सारंगपुर में शनिवार को 11 करोड़ 51 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया था। कौशल विकास और रोजगार राज्यमंत्री गौतम टेटवाल और सांसद रोडमल नागर ने जयनगर स्थित पुराने रेस्ट हाउस प्रांगण में नगर पालिका परिषद और जनपद पंचायत के प्रस्तावित कार्यों की आधारशिला रखी। संबोधन के दौरान, विधायक से मंत्री बने टेटवाल तारीख बताते समय अपनी जुबान फिसलने के कारण चर्चा में रहे। उन्होंने कहा, “3 दिसंबर 1923 को विधायक बने, 25 दिसंबर 1923 को मुख्यमंत्री जी ने मुझे मंत्री पद की शपथ दिलाई।” हालांकि, उन्होंने आगे बताया कि मंत्री पद उनके लिए सेवा का अवसर है और वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का निरंतर प्रयास करेंगे। यह खबर भी पढ़ें… MP के मंत्री का कर्नल सोफिया पर आपत्तिजनक बयान: विजय शाह बोले- जिन्होंने बहनों का सिंदूर उजाड़ा, उन्हीं की बहन को भेजकर ऐसी-तैसी कराई मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री विजय शाह ने भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी पर आपत्तिजनक बयान दिया है। उन्होंने कहा- जिन लोगों ने हमारी बेटियों का सिंदूर उजाड़ा था, मोदी जी ने उन्हीं की बहन भेजकर उनकी ऐसी की तैसी करा दी। यह बयान शाह ने रविवार को इंदौर के महू के रायकुंडा गांव में आयोजित हलमा कार्यक्रम में दिया था। इसका वीडियो मंगलवार को वायरल हुआ। इसमें वह ये भी कह रहे हैं कि मोदी समाज के लिए जी रहे हैं और समाज के लिए काम कर रहे हैं। बयान सामने आने के बाद शाह को पार्टी ने भोपाल तलब किया। संगठन महामंत्री ने फटकार लगाई जिसके बाद मंत्री शाह के सुर बदल गए। पढ़ें पूरी खबर


