राजगीर खेल परिसर स्थित हॉकी मैदान में सोमवार से शुरू हुए तीन दिवसीय अंडर-16 महामना हॉकी गोल्ड कप के पहले मुकाबले में झारखंड ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पश्चिम बंगाल को एकतरफा मुकाबले में 8-0 से करारी शिकस्त दी। मैच की शुरुआत से ही झारखंड के खिलाड़ी पूरी तरह आक्रामक नजर आए और पूरे मुकाबले में विपक्षी टीम को कोई मौका नहीं दिया। झारखंड ने मुकाबले की शुरुआत तेज़ रफ्तार से की। सुखू ने शुरुआती मिनटों में पहला गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद 26वें मिनट में अफरीदी ने दूसरा गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। महज एक मिनट बाद 27वें मिनट में संजीत व्यगरा ने तीसरा गोल किया। इसके बाद भी झारखंड का आक्रमण जारी रहा और 24वें मिनट में अनीष डुंडुग ने चौथा गोल दागा। वहीं 29वें मिनट में सुमरै सुरंग ने पांचवां गोल कर झारखंड को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। पहले हाफ के अंत तक स्कोर 5-0 रहा। 47वें मिनट में सुमरै सुरंग ने अपना दूसरा और टीम का छठा गोल किया। मुकाबले के अंतिम क्षणों में यीशु मुंडा ने शानदार गोल दागकर स्कोर 8-0 कर दिया।


