हबीबगंज थाना क्षेत्र के बंसल वन मॉल के सामने सोमवार शाम 6 बजे को एक सड़क विवाद हो गया। विवाद में एक ई-रिक्शा चालक को कार सवार युवकों ने बेरहमी से पीट दिया। युवकों ने दादागीरी दिखाते हुए उसके साथ मारपीट की और हेलमेट उसके सिर पर मारा। ई-रिक्शा चालक विक्की गुप्ता ने आरोप लगाया है कि उसके मुहं पर मुक्के भी मारे गए। विक्की गुप्ता के मुताबिक, मुझसे नाम पूछा गया और फिर बात दादागीरी तक पहुंच गई। कार सवार ने हेलमेट से मेरे सिर पर मारा और मुंह पर लगातार मुक्के बरसाए। नाक पर चोट लगने से खून बहने लगा।” उसने बताया कि अचानक हुए हमले से वह संभल भी नहीं पाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार पर करणी सेना की प्लेट लगी थी। टक्कर के बाद विवाद बढ़ा और मारपीट शुरू हो गई। वारदात में ई-रिक्शा पलट गया, जबकि कार को भी काफी नुकसान हुआ। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों से भी कार सवारों की बहस हुई, जिससे मौके पर करीब आधे घंटे तक तनाव बना रहा। घटना के बाद दोनों पक्ष हबीबगंज थाने पहुंचे। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट और गवाहों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


