राजनगर में शराब दुकान से 3.72 लाख की शराब चोरी

भास्कर न्यूज | राजनगर राजनगर जुगसलाई मार्ग पर गमदेसाई स्थित साहू कॉलोनी में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने सरकारी कंपोजिट शराब दुकान का ताला तोड़कर 3.72 लाख रुपए की 37 पेटी शराब चोरी कर ली। चोरी की यह वारदात घनी आबादी वाले क्षेत्र में हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं। वहीं चोरी की सूचना मिलते ही उत्पाद निरीक्षक अखिलेश सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और थाना प्रभारी चंचल कुमार के साथ बैठक कर त्वरित कार्रवाई का आग्रह किया। उत्पाद निरीक्षक अखिलेश सिंह के निर्देश पर दुकान के प्रभारी राजगिरि प्रसाद ने राजनगर थाना में चोरी होने का आवेदन दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार साहू कॉलोनी जैसी सघन बस्ती में देर रात भारी मात्रा में शराब चोरी होना संदेहास्पद है। वह भी वाहन लगाकर घंटों तक चोरी की घटना को अंजाम देना कैसे संभव है, जबकि राजनगर जुगसलाई मार्ग पर रातभर वाहनों का आवागमन रहता है। चोरी उस रात हुई जब दुकान में ताजा खेप के रूप में 169 पेटी शराब पहुंचाई गई थी। दुकान में पहले से भी कुछ पेटी शराब बचा था। दिलचस्प यह है कि दुकान के भीतर रखे गए नकद को चोरों ने छुआ तक नहीं, जिससे यह संदेह और गहरा हो गया है कि केवल 37 पेटी शराब तक ही क्यों चोरी की गई। वहीं घटना के वक्त नाइट गार्ड की भी ड्यूटी पर अनुपस्थिति ने सवाल खड़े कर दिए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *