राजनांदगांव पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो पर त्वरित कार्रवाई की है। बसंतपुर थाना पुलिस ने खतरनाक और लापरवाहीपूर्ण वाहन संचालन के आरोप में 6 वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई के तहत 5 वाहनों को जब्त किया गया है, जबकि वाहन में सवार नाबालिगों और उनके परिजनों की काउंसलिंग भी की गई। पुलिस के अनुसार, 30 दिसंबर को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें कुछ वाहन चालक सार्वजनिक सड़क पर यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए तेज और खतरनाक तरीके से वाहन चलाते हुए दिखाई दिए। वीडियो में नाबालिग बच्चे वाहनों के अंदर और बाहर स्टंट करते हुए भी नजर आ रहे थे, जिससे आम लोगों की जान को खतरा पैदा हो रहा था। वीडियो के आधार पर बसंतपुर थाने में अपराध दर्ज इस वीडियो के आधार पर बसंतपुर थाने में अपराध दर्ज किया गया। वाहन चालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 285 और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184, 182(1)(क) के तहत कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है। पुलिस जांच में क्रेटा, जिप्सी और स्कॉर्पियो सहित कुल 6 वाहन शामिल पाए गए। इनमें से 5 वाहनों को पुलिस ने जब्त कर लिया है। पूछताछ में वाहन चालकों और मालिकों ने अपना अपराध स्वीकार किया। सभी गिरफ्तार आरोपियों को जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया है, जबकि एक वाहन चालक की गिरफ्तारी अभी बाकी है। पुलिस ने सड़क सुरक्षा और नियमों की काउंसलिंग की मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में नाबालिग बच्चों की अलग से काउंसलिंग की। बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनने, यातायात नियमों का पालन करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं से दूर रहने की सलाह दी गई। अभिभावकों को भी सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों और दुर्घटनाओं की संभावनाओं के बारे में जानकारी देते हुए सख्त चेतावनी दी गई। बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू और यातायात निरीक्षक नवरतन कश्यप के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।


