राजनांदगांव में अब तक 4.67 करोड़ का अवैध धान जब्त:कलेक्टर ने सुबह 4 बजे अंतरराज्यीय चेकपोस्ट का निरीक्षण किया

राजनांदगांव में अंतरराज्यीय चेकपोस्ट पर अवैध धान के परिवहन को रोकने के लिए कलेक्टर जितेंद्र यादव ने शुक्रवार सुबह 4 बजे निरीक्षण किया। जिले में अब तक कुल 111 प्रकरणों में 4 करोड़ 67 लाख 6 हजार 646 रुपए मूल्य का 15066.66 क्विंटल (37667 बोरा) अवैध धान और 7 वाहन जब्त किए गए हैं। कलेक्टर ने डोंगरगढ़ विकासखंड के बोरतलाव स्थित अंतरराज्यीय चेकपोस्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे अन्य राज्यों से आने वाले सभी वाहनों की गहनता से जांच करें और उनका रिकॉर्ड रजिस्टर में दर्ज करें। कलेक्टर ने अवैध धान परिवहन की निगरानी और कार्रवाई को निरंतर जारी रखने पर जोर दिया। एसडीएम डोंगरगढ़ एम भार्गव को चेकपोस्ट पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए। जिले में बाहरी और अवैध धान के परिवहन और बिक्री को रोकने के लिए कोचियों और बिचौलियों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। अवैध धान पर सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि यदि अवैध धान की बिक्री की पुनरावृत्ति होती है या कोई इसमें संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ केस दर्ज किए जाएं। जिले में 1500 मंडी अनुज्ञप्ति धारियों को सूचीबद्ध किया गया है। अफसरों को अवैध रूप से भंडारित धान जब्त करने और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। 10 मामलों में 12.48 लाख का अवैध धान जब्त ऐसे में राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग के संयुक्त दल ने हाल ही में कुल 10 प्रकरणों में 12 लाख 48 हजार 680 रुपए का 402.80 क्विंटल (1007 बोरा) अवैध धान जब्त किया। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में अब तक हुई कुल जब्तियों में से, डोंगरगढ़ अनुविभाग में 3 मामलों में 1 लाख 48 हजार 800 रुपए का 48 क्विंटल अवैध धान और 2 वाहन जब्त किए गए हैं। इसी तरह डोंगरगांव अनुविभाग में कुल 34 मामलों में 1 करोड़ 9 लाख 29 हजार 980 रुपए का 3525.80 क्विंटल (8815 बोरा) अवैध धान और 3 वाहन जब्त किए गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *