राजनांदगांव में गुरुघासीदास सांस्कृतिक भवन में ममतामयी मिनीमाता निर्वाण दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने जिला सतनामी सेवा समिति के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। साथ ही मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ने जिला सतनामी सेवा समिति की मांग पर 10 लाख रुपए के विकास कार्यों की घोषणा की। उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के माध्यम से अनुसूचित जाति बाहुल्य गांवों के विकास के लिए 75 करोड़ रुपए की राशि रखी गई है। पहली महिला सांसद को किया याद डॉ. रमन सिंह ने मिनीमाता के योगदान को याद किया। उन्होंने बताया कि मिनीमाता 1952 में मध्यप्रदेश की पहली महिला सांसद बनीं। मिनीमाता ने महिलाओं की स्वतंत्रता और शिक्षा के लिए काम किया। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आजीवन संघर्ष किया। लोकसभा में अस्पृश्यता निवारण कानून के लिए प्रखर तर्क रखे। कार्यक्रम में डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता बघेल और पूर्व विधायक रामजीभारती ने भी संबोधित किया। महापौर मधुसूदन यादव, कोमल सिंह राजपूत, धनेश पाटिला, कमलेश्वर सांडे सहित कई जनप्रतिनिधि और सतनाम समाज के पदाधिकारी मौजूद रहे। महिला पॉलिटेक्नीक कॉलेज परिसर में मिनीमाता की प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा गया।


