राजनांदगांव जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई निर्माण कार्य चल रहे हैं। मेडिकल कॉलेज में 16 करोड़ 63 लाख रुपए की लागत से क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल का निर्माण अंतिम चरण में है। साथ ही 2 करोड़ 79 लाख रुपए से ट्रामा सेंटर का निर्माण भी किया जा रहा है। छुरिया विकासखंड में 2.50 करोड़ रुपए से नया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बन रहा है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 2.94 करोड़ रुपए की लागत से फिजियोथेरेपी वार्ड का निर्माण हो रहा है। डोंगरगढ़ और घुमका में 50-50 लाख रुपए से ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट बनाए जा रहे हैं। 3.56 करोड़ रुपए का हो रहा कार्य जिला अस्पताल बसंतपुर में बरसात के दौरान जलभराव की समस्या को देखते हुए 3.56 करोड़ रुपए का कार्य किया जा रहा है। डोंगरगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 1 करोड़ और मोतीपुर में 75 लाख रुपए से शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण जल्द शुरू होगा। ग्रामीण क्षेत्रों में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर और बायो मेडिकल वेस्ट निपटान की सुविधाएं भी बनाई जा रही हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 37 पदों में कुल 184 नई भर्तियां की जा रही हैं। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने सभी निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।


