राजनांदगांव रेंज के नवनियुक्त आईजी बालाजी राव (आईपीएस 2007 बैच) ने रविवार को औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने अभिषेक शांडिल्य का स्थान लिया है, जिन्हें शनिवार को विभाग की ओर से विदाई दी गई थी। बालाजी राव का राजनांदगांव से पुराना जुड़ाव रहा है। वह पूर्व में अंबागढ़ चौकी में एसडीओपी और राजनांदगांव जिले के एएसपी के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने सूरजपुर, जशपुर, कोंडागांव और धमतरी जैसे जिलों में भी महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। पदभार संभालने के बाद आईजी राव ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने पूरे रेंज में सख्त पुलिसिंग व्यवस्था लागू करने, कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद आईजी कार्यालय में उन्होंने रेंज के सभी पुलिस अधीक्षकों (एसपी) और अन्य राजपत्रित अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने क्षेत्र की भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियों को समझते हुए बेहतर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।


