राजपुर | बलरामपुर जिले का राजपुर तहसील कार्यालय इन दिनों अव्यवस्थाओं के कारण सुर्खियों में है। तहसील परिसर में अपर कलेक्टर कार्यालय और पंजीयन कार्यालय भी संचालित होते हैं, लेकिन यहां आज तक शौचालय की सुविधा तक उपलब्ध नहीं कराई गई है। दूर-दराज से आने वाले महिला-पुरुषों और बुजुर्गों को इस कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। शौचालय ही नहीं, बल्कि तहसील कार्यालय में बैठने की भी कोई उचित व्यवस्था नहीं है। रोजाना कामकाज के लिए आने वाले ग्रामीणों को खड़े-खड़े अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है। बुजुर्गों और महिलाओं के लिए यह स्थिति और भी कठिन हो जाती है। तहसील परिसर में गंदगी और लापरवाही साफ झलकती है। चारों ओर फैली गंदगी और उगी घास के कारण परिसर बदहाल है। बारिश के मौसम में यहां सांप और बिच्छू का खतरा भी बना रहता है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ जाती है। जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की अनदेखी से लोगों में आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शासन-प्रशासन को तत्काल शौचालय और बैठने की व्यवस्था ठीक करनी चाहिए, ताकि आमजनों को राहत मिल सके और तहसील कार्यालय की छवि सुधरे।


