भास्कर न्यूज| राजनांदगांव राजपूत क्षत्रिय महासभा त्रिवार्षिक चुनाव रविवार को भिलाई में संपन्न हुआ, जिसमें बजरंग सिंह बैस केंद्रीय अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए। महासभा के 13 पदों के लिए हुए चुनाव में बजरंग पैनल के 10 और होरी-अजय पैनल के तीन उम्मीदवार विजयी घोषित किए गए। अध्यक्ष पद के लिए बजरंग सिंह बैस ने त्रिकोणीय मुकाबले में अपने निकटतम प्रतिद्वंदी होरी सिंह डोड़ को 66 मतों से पराजित किया। बैस को 829 और डोड को 763 मत प्राप्त हुए। दशरथ सिंह भुवाल 184 वोट पाकर तीसरे स्थान पर पिछड़ गए। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए हुए सीधे मुकाबले में नरेंद्र सिंह ठाकुर ने अजय सिंह ठाकुर को 150 मतों से पराजित किया। नरेंद्र सिंह ठाकुर को 882 और अजय सिंह को 732 वोट प्राप्त हुए। उपाध्यक्ष पद के लिए हुए त्रिकोणीय मुकाबले में पंकज सिंह भुवाल ने अशोक परिहार को 141 मतों से पराजित किया। भुवाल को 697 और परिहार को 556 वोट प्राप्त हुए। एक अन्य उम्मीदवार अश्विनी सिंह ने 480 वोट हासिल किए। महासचिव पद के लिए हुए कड़े मुकाबले में अशोक ठाकुर ने कमलेश सिंह राजपूत को 26 मतों से पराजित किया। अशोक ठाकुर को 890 और कमलेश सिंह राजपूत को 864 वोट मिले। कोषाध्यक्ष पद के लिए नीरज सिंह क्षत्रिय ने लोकेंद्र सिंह भुवाल को सर्वाधिक 553 वोटों से पराजित किया। सत्येंद्र सहसचिव चुने गए संपत को पराजित किया सहसचिव पद के लिए सत्येंद्र सिंह राजपूत ने सीधे मुकाबले में संपत सिंह को 102 मतों से पराजित किया। उपसचिव पद के लिए घनश्याम सिंह ने प्रशांत सिंह को 412 मतों से पराजित किया। संगठन सचिव पद के लिए हुए चतुष्कोणीय मुकाबले में अजय सिंह ने राजू सिंह को 258 मतों से पराजित किया। प्रचार सचिव पद के लिए डॉ. जितेंद्र सिंह ने त्रिकोणीय मुकाबले में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अभिषेक सिंह को 144 मतों से पराजित किया। इस दौरान समाज के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


