रतलाम | अक्षय तृतीया पर्व पर 20 अप्रैल को राजपूत समाज का 25वां सामूहिक विवाह समारोह हाथी खाना स्थित राजपूत धर्मशाला भवन में होगा। यह निर्णय श्री राजपूत नव युवक मंडल न्यास एवं महिला मंडल की मासिक बैठक में लिया गया। राजपूत धर्मशाला भवन हाथीखाना स्थित महाराणा प्रताप सभागृह में हुई बैठक के पहले भगवान श्री जागनाथ महादेव मंदिर पर पूजन-अर्चना की गई। विवाह के लिए श्री राजपूत धर्मशाला भवन में पंजीयन कार्यालय शुरू किया गया है। पंजीयन की अंतिम तिथि 1 अप्रैल निर्धारित की गई है। बैठक में बताया कि 24 बार हो चुके सामूहिक विवाह सम्मेलन में 350 जोड़े परिणय सूत्र में बंध चुके हैं। बैठक में संगठन के सदस्यता अभियान पर भी चर्चा की गई। धर्मशाला भवन पर नवनिर्माण कार्य जारी है। इसके लिए भी सदस्यों से अनुदान व ऋण पत्र के रूप में सहयोग करने की अपील की गई। इस दौरान न्यास अध्यक्ष राजेंद्रसिंह गोयल, मंडल अध्यक्ष विजयसिंह चौहान, न्यास सचिव किशोरसिंह चौहान, मंडल सचिव नरेंद्रसिंह सोलंकी, न्यास कोषाध्यक्ष शैलेंद्रसिंह देवड़ा, मंडल कोषाध्यक्ष दिलीपसिंह सोनगरा, महिला मंडल दीक्षा किरण गोयल, उपाध्यक्ष वंदना भाटी, जया गोयल, राजकुंवर पंवार सहित समाजजन उपस्थित रहे।


