चूरू जिले के राजलदेसर में स्वायत्त शासन विभाग के निर्देश पर सीवरेज योजना के सर्वेक्षण के लिए एक टीम सोमवार को पहुंची। यह टीम नगरपालिका क्षेत्र में सीवरेज बिछाने की संभावनाओं का आकलन करेगी।
सीनियर डिप्टी मैनेजर महेंद्र कुमार के नेतृत्व में यह टीम राजलदेसर नगरपालिका क्षेत्र का विस्तृत सर्वे करेगी। सर्वे पूरा होने के बाद टीम अपनी रिपोर्ट स्वायत्त शासन विभाग को सौंपेगी। राजलदेसर निवासी गोपाल मारू ने बताया कि पूर्व विधायक अभिनेष महर्षि की मांग पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजलदेसर में पानी निकासी की समस्या के समाधान के लिए पहल की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस सर्वे से क्षेत्र की जल निकासी की समस्या का समाधान होगा। सीनियर डिप्टी मैनेजर महेंद्र कुमार ने जानकारी दी कि उनकी टीम को 6 भागों में बांटा गया है। यह टीमें राजलदेसर कस्बे में सीवरेज लाइन बिछाने के लिए सर्वेक्षण कर रही हैं। उन्होंने बताया कि सर्वे 2 से 3 दिन में पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद रिपोर्ट स्वायत्त शासन विभाग को सौंपी जाएगी और आगे की कार्रवाई की जाएगी।


