राजसमंद में देवगढ़ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत पिछले तीन सालों से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। उदयपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक गोरव श्रीवास्तव की ओर से फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान सुदर्शन चक्र चलाया जा रहा है। इसी के तहत ये कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता के निर्देशन में देवगढ़ थाना इंचार्ज मुकेश चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। डीएसटी टीम और साइबर सेल की मदद से तकनीकी विश्लेषण के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस थाना देवगढ़ के प्रकरण संख्या 53/2023 में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया गया था। आरोपी सागर राम बिश्नोई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था और उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। गिरफ्तार आरोपी सागर राम बिश्नोई (39) पुत्र भाणा राम, निवासी मालो की ढाणी, गुड़ा बिश्नोईयान, थाना विवेक विहार, जिला जोधपुर पश्चिम का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


