राजसमंद में आज सुबह से घना कोहरा छाया हुआ है। कोहरे के कारण सुबह के समय अंधेरा छाया रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा। आज का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया। कोहरे के कारण सुबह विजिबिलिटी 10 मीटर से भी कम देखी गई, जिससे सुबह के समय बाजारों में जहां सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा। वही राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 8 पर भी वाहनों की आवाजाही बहुत कम देखी गई। इस दौरान वाहन चालकों को हेडलाइट का प्रयोग करना पड़ा। सुबह 10 बजे तक भी धूप नहीं निकलने से ठंड का असर और तेज हो गया, जिससे गलन और अधिक बढ़ गई। सर्दी से बचने के लिए लोगो ने गर्म कपड़ों व अलावा का सहारा लिया। ग्रामीण क्षेत्रों में खुले स्थानों पर तेज सर्दी से जनजीवन प्रभावित रहा। सुबह खेतों में सिंचाई के दौरान किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। किसानों ने खेत की पालियो पर अलावा का सहारा लेकर खेती के काम पूरे किए। पशुपालकों ने भी मवेशियों को सर्दी से बचाने के लिए मवेशियों के बाड़ो को प्लास्टिक शीट व तिरपाल से ठका।


