राजसमंद में स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान का शुभारंभ जागरूकता रैली के साथ किया गया। महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता प्रशिक्षण संस्थान की छात्राओं द्वारा आयोजित इस रैली को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हेमन्त कुमार बिन्दल ने आर.के. राजकीय जिला चिकित्सालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली के दौरान “कुष्ठ रोग मिटाना है, भेदभाव हटाना है”, “पूर्वजन्म का पाप नहीं, कुष्ठ कोई अभिशाप नहीं” जैसे नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया गया। रैली हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र, धोइंदा एवं रीको एरिया से होते हुए पुनः जिला चिकित्सालय परिसर पहुंची।
इस अवसर पर फिजिशियन डॉ. कृपाशंकर झीरवाल, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. रोहित कटारिया, डिप्टी सीएमएचओ (हेल्थ) डॉ. राजकुमार खोलिया एवं एपिडिमियोलॉजिस्ट हरीश कुमार उपस्थित रहे।
सीएमएचओ डॉ. बिन्दल ने बताया कि स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान 13 फरवरी तक चलेगा, जिसकी थीम “भेदभाव का अंत एवं गरिमा सुनिश्चित करना” रखी गई है। अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में माइकिंग, स्कूलों की प्रार्थना सभाओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नर्सिंग महाविद्यालयों में संगोष्ठियों एवं ग्राम सभाओं के माध्यम से कुष्ठ रोग से बचाव व उपचार की जानकारी दी जाएगी।
डिप्टी सीएमएचओ डॉ. राजकुमार खोलिया ने बताया कि कुष्ठ कोई अभिशाप नहीं बल्कि एक जीवाणु जनित बीमारी है, जिसका समय पर उपचार संभव है। समय पर इलाज से रोग पूरी तरह ठीक हो सकता है, जबकि लापरवाही से विकृति बढ़ सकती है।


