राजसमंद में बुधवार को ‘रन फॉर सेफ्टी’ मैराथन में शहरवासियों ने दौड़ लगाई। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत श्रीनाथजी उदयपुर टोलवेज और राजस्थान पुलिस के संयोजन में हुए कार्यक्रम में आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही सुरक्षित यातायात का भी संदेश दिया गया। एसपी ममता गुप्ता ने मैराथन को राजसमंद झील स्थित नौ चौकी पाल से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ नौ चौकी मार्ग से होते हुए महाराणा प्रताप गार्डन पहुंची, जहां दौड का समापन हुआ। कार्यक्रम में शहरवासियों के साथ बड़ी संख्या में स्कूली बच्चें और पुलिसकर्मी शामिल हुए। 100 और 500 मीटर की दौड़ प्रतियोगिताएं हुई
आयोजन के दौरान सड़क सुरक्षा से जुड़े संदेशों से प्रतिभागियों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही 100 मीटर और 500 मीटर की दौड़ प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। इनमें विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों, विशेष रूप से स्कूली छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों में दौड़ को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने अनुशासन के साथ कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। श्रीनाथजी- उदयपुर टोलवेज के प्रोजेक्ट हेड जयनंदन मिश्रा ने बताया कि ऐसे रन फॉर सेफ्टी का उद्देश्य लोगों में जिम्मेदार नागरिक होने की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित वाहन चलाना और यातायात नियमों का पालन करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। इस दौरान राजसमंद एसपी ममता गुप्ता, जिला परिवहन अधिकारी राघव शर्मा, एसडीएम ब्रजेश गुप्ता, कांकरोली थाना इंचार्ज सरोज बैरवा सहित बड़ी संख्या प्रतिभागियों ने दौड़ में भाग लिया।


