राजसमंद में बर्फीली हवाओं के चलने से तेज सर्दी के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। ऐसे में स्कूली बच्चों को भी जिला प्रशासन ने राहत दी है। इसके तहत जिले की सभी स्कूलों में 10 जनवरी की छुट्टी घोषित की गई है। जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा ने आदेश जारी कर कक्षा 8 तक के सरकारी व प्राइवेट स्कूलों में बच्चों के लिए 10 जनवरी तक के लिए अवकाश घोषित किया है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार जिले में शीतलहर एवं बढ़ती हुई ठंड के प्रकोप को ध्यान में रखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने यह निर्णय लिया। कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला आपदा एवं प्रबंधन प्राधिकरण बालमुकुंद असावा ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के अध्याय 4 की धारा 30 में प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए आदेश जारी किया है। इसके तहत राजसमंद जिले में संचालित 8 तक के सभी सरकारी ओर प्राइवेट स्कूलों के बच्चों के लिए 10 जनवरी तक अवकाश घोषित किया है। डीईओ (प्रारंभिक शिक्षा) राजेंद्र गगड ने बताया कि यह अवकाश केवल बच्चों के लिए होगा, जबकि स्कूल स्टाफ को निर्धारित समयानुसार अपनी डयूटी देनी है। जिले के सभी स्कूलों के संस्था प्रधानों को निर्देशित किया कि आदेशों की पालना की जाए। यदि किसी भी संस्था द्वारा इस आदेश का उल्लंघन करते हुए कक्षा 1 से 8 का संचालन किया जाता है, तो उसके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।


