राजसमंद में महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को बाजार और पहचान दिलाने के उद्देश्य से तीन दिवसीय स्वयंसिद्धा एग्जीबिशन का आज शुभारंभ हुआ। एग्जीबिशन का आयोजन लघु उद्योग भारती महिला इकाई द्वारा किया गया है। शुभारंभ अवसर पर अखिल भारतीय संगठन मंत्री प्रकाश, प्रांतीय अध्यक्ष महेश हुरकट, प्रांतीय प्रभारी रीना राठौड़, विधायक दीप्ति माहेश्वरी, जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा, स्थानीय महिला अध्यक्ष किरण बापना सहित संस्था की स्थानीय सदस्याएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में सचिव सुनैना मंत्री ने बताया कि इस मेले में राजस्थान के लगभग 15 जिलों के साथ-साथ राजस्थान के बाहर से भी स्टॉलर्स भाग ले रहे हैं। एग्जीबिशन में महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई है, जिनमें साडियां, सूट, आयुर्वेदिक दवाइयां, मुखवास, इमिटेशन ज्वैलरी, अचार, बड़ी, पापड़, खाकरा, केक सहित घरेलू उपयोग का सामान शामिल है। समारोह में विभिन्न सामाजिक एवं औद्योगिक संस्थाओं के अध्यक्ष एवं पदाधिकारीगण भी मौजूद रहे, जिनमें संदीप सामसुखा, हरकचंद मंत्री, हेमंत, बाबूलाल कोठारी, पवन कोठारी, विजय बापना एवं रमेश बियाणी शामिल हैं। मीडिया प्रभारी पूजा बंग ने बताया कि एग्जीबिशन परिसर में दोपहर के समय बच्चों एवं महिलाओं के लिए निशुल्क प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिससे मेले में उत्साह और बढ़ गया।


