राजसमंद में शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभ मंगला के आदेशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हेमंत कुमार बिंदल के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा अधिकारी दल ने भीम क्षेत्र में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। 103 KG तेल सीज कार्रवाई के दौरान कमलेश किराना एंड जनरल स्टोर से मूंगफली के तेल का नमूना लिया गया तथा मौके पर ही लगभग 103 किलोग्राम मूंगफली का तेल सीज किया गया। इसके साथ ही प्रतिष्ठान पर पाए गए अवधि पार सॉस व मसाले करीब 30 किलोग्राम को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक भी नष्ट की वहीं रोडवेज बस स्टैंड रोड स्थित नाकोड़ा स्वीट्स एंड किराना स्टोर से मूंग दाल एवं मसूर दाल के नमूने लिए गए तथा लगभग 15 लीटर एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक को नष्ट किया गया। हॉस्पिटल रोड स्थित गोपाल दास लीलाराम प्रतिष्ठान का निरीक्षण कर सरसों के तेल का नमूना खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत लिया गया। निरीक्षण के दौरान यहां अवधि पार तेल, चाय पत्ती, नमक, मसाले सहित अन्य खाद्य सामग्री करीब 70 किलोग्राम नष्ट करवाई गई। सैंपल लैब भेजे सभी लिए गए नमूनों को जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला उदयपुर भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रेमचंद शर्मा, प्रशिक्षु खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र डांगी व सहायक महेंद्र सिंह मौजूद रहे।


