एक तरफ पुष्पा 2 अभी भी सिनेमाघरों में दर्शकों का दिल जीत रही है। वहीं, 25 दिसंबर को रिलीज हो रही फिल्म बेबी जॉन का भी बड़ा बज बना हुआ है। ऐसे में राजस्थानी फिल्म तांडव 2 को स्क्रीन नहीं मिल पा रही। मजबूरन मेकर्स को इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ाने पड़ी। अब यह मूवी जनवरी में रिलीज होगी। बता दें कि तांडव 2 राजमंदिर सिनेमा में 27 दिसंबर को रिलीज होने वाली थी। फिल्म के निर्माता केआर मीणा और निर्देशक लखविंदर सिंह ने यह निर्णय सिनेमाघरों में अन्य बड़ी फिल्मों के दबाव को देखते हुए लिया। फिल्म इंडस्ट्री के जानकारों का कहना है कि पुष्पा 2 और बेबी जॉन जैसी फिल्मों की भारी मांग के चलते क्षेत्रीय सिनेमा को स्क्रीन मिलने में दिक्कतें आ रही हैं। हालांकि, तांडव 2 के निर्माताओं को उम्मीद है कि जनवरी में फिल्म को पर्याप्त स्क्रीन मिलेंगी और दर्शकों का भरपूर समर्थन मिलेगा।


