प्रदेश में अलग-अलग विभागों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बनने के लिए 24 लाख 76 हजार 383 अभ्यर्थी भाग्य आजमाएंगे। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से होने वाली चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती के लिए शनिवार रात 12 बजे तक आवेदन जमा हुए। फॉर्म भरने को लेकर युवाओं में खासा उत्साह रहा। शाम 7 बजे तक भर्ती परीक्षा के लिए 23 लाख 65 हजार 130 फॉर्म जमा हुए थे। आखिरी पांच घंटे में 1 लाख 11 हजार 253 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए। पांच घंटे में 18 हजार सेकंड होते हैं। इस तरह से देखें तो प्रति सेकंड करीब 6 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। जानकारों का कहना है कि इस भर्ती में 53,749 पद हैं। इतनी बड़ी संख्या में पद होने के कारण ही युवा अंतिम समय तक आवेदन में जुटे रहे। ऐसे मौके को कोई खोना नहीं चाहता। अभ्यर्थियों के हिसाब से सबसे बड़ी भर्ती 24,76,383 अभ्यर्थियों की संख्या के हिसाब से यह प्रदेश की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षा है।
19 से 21 सितंबर को 6 पारियों में होनी है परीक्षा।
21 जनवरी को परिणाम प्रस्तावित है। इतनी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी होने से बोर्ड द्वारा इसे कम पारियों में करवाना संभव नहीं होगा। दो पारियां और बढ़ सकती है। पिछले साल दिसंबर में पशु परिचर भर्ती 6 पारियों में हुई थी। उसके नॉर्मलाइजेशन को लेकर विवाद खड़ा हो गया था, जाे अब तक नहीं थमा है। तीन दिन रही तकनीकी खामी, दो लाख अब भी वंचित
कई बेरोजगार नेताओं ने कहा कि तीन दिन वेबसाइट में तकनीकी खामी थी। इस कारण युवा आवेदन नहीं कर पा रहे थे। अंतिम समय में उनको आवेदन का मौका मिला। उन्होंने दावा किया कि इतनी तेजी के बावजूद करीब 2 लाख युवा आवेदन से अब भी वंचित हैं। बोर्ड को आवेदन की तिथि बढ़ाकर इनको भी मौका देना चाहिए। बधाल ने कहा- 6 से 8 पारियों में होगी परीक्षा “परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रदेश में परीक्षा केंद्रों की उपलब्धता के आधार पर एक पारी में 3.25 से 3.50 लाख अभ्यर्थियों की ही परीक्षा करा सकते हैं। इसे देखते हुए चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती 6 से 8 पारियों में हो सकती है। अगर 8 पारियों में परीक्षा हुई तो 19, 20, 21 के बाद 22 सितंबर को भी परीक्षा आयोजित की जाएगी। वेबसाइट में कोई खामी नहीं थी। आखिरी समय तक भी खूब आवेदन हुए, इसलिए अंतिम तिथि नहीं बढ़ेगी।”
-डॉ. भागचंद बधाल, सचिव, राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड


